Wednesday, February 6, 2008

अंतरिक्ष में भी सुना जाएगा बीटल्स ग्रुप का गीत

साठ के दशक में दुनिया को अपनी धुनों का दीवाना बनाने वाले मशहूर बीटल्स ग्रुप के पचास वर्ष पूरे होने पर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा द्वारा बीटल्स के प्रसिद्ध गीत को अंतरिक्ष में भेजा गया।
पृथ्वी के अलावा किसी दूसरे ग्रह पर जीवन की संभावनाओं व उनसे संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से नासा का यह प्रयास यदि सार्थक होता है तो बीटल्स ग्रुप की तीर्थनगरी ऋषिकेश में की गई संगीत साधना के दौरान जन्मा गीत हरि ओम नम: .. खगोल विज्ञान में नए आयाम स्थापित करेगा।
ब्रह्मांड में पृथ्वी के अलावा भी क्या किसी दूसरे ग्रह पर जीवन है। क्या उड़न तश्तरी व दूसरे ग्रह से धरती पर उतरने वाले प्राणियों के बारे में कही जाने वाली बातें मात्र कपोल कल्पना है या इसका वास्तविकता से भी कोई संबंध है। ये सवाल हमेशा से ही मनुष्य के लिए पहेली बने हुए हैं। अब तक हुए अनेक शोध भी इस रहस्य से पर्दा नहीं उठा पाए हैं। दूसरी दुनिया के रहस्यों की कल्पना पर कई फिल्में भी बनाई गई। कुछ समय पूर्व बनी फिल्म कोई मिल गया में भी अंतरिक्ष से संपर्क स्थापित करने के लिए एक विशेष म्यूजिक का सहारा लिया गया था।
मंगलवार को अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने इस ओर एक नई पहल की है। नासा ने पश्चिम के मशहूर संगीत ग्रुप बीटल्स के एक गीत को ब्रह्मांड में भेजकर दूसरी दुनिया से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की है। गौरतलब है कि 1957 में ब्रिटेन के चार मित्रों जॉन लेनोन, पाल मौकाटर्नी, जार्ज हैरिशन व रिंगो स्टार ने एक संगीत ग्रुप की स्थापना की थी। साठ के दशक में बीटल्स ग्रुप ने दुनिया भर में अपने रॉक म्यूजिक से धूम मचा दी थी। इसी बीच बीटल्स अपने अध्यात्म गुरु महेश योगी के पास तीर्थनगरी ऋषिकेश के निकट स्वर्गाश्रम स्थित उनके आश्रम चौरासी कुटी पहुंचे थे। अध्यात्म व धर्म की तीर्थनगरी में बीटल्स ने अपने बिताए दिनों में कई ऐसे गीत लिखे जो बीटल्स ग्रुप की खास पहचान भी बने। नासा द्वारा अंतरिक्ष में भेजा गया गीत हरि ओम नम: .. हरि ओम नम: .. हरि ओम नम: शिवाय ..भी यहीं पर लिखा गया है।
इस गीत में अध्यात्म व दर्शन का समावेश किया गया है। इसके अलावा बीटल्स के दार्शनिक पहलुओं की खोज व पश्चिम में अध्यात्म की अलख जगाने वाले मशहूर गीत द कप ऑफ लाइफ..व द्रोण नगरी देहरादून की शान में गाया मस्ती भरा गीत दून दून दून..भी ऋषिकेश की तपोभूमि से प्रेरित गीत है। बीटल्स की साधना स्थली चौरासी कुटिया भले ही आज समय की गर्त में खो चुकी है, लेकिन बीटल्स के चाहने वाले आज भी दुनिया भर में उनके संगीत के दीवाने हैं। यही वजह है कि दुनिया भर में अब तक बीटल्स के एक अरब से भी ज्यादा रिकार्ड बिक चुके हैं। बहरहाल, नासा का दूसरी दुनिया से संपर्क स्थापित करने का यह मिशन कितना सफल हो पाता है, यह तो भविष्य ही तय करेगा, किंतु बीटल्स ग्रुप के पचास वर्ष पूरे होने पर नासा का यह प्रयास सराहनीय ही कहा जाएगा।

No comments: